पौड़ी नगर क्षेत्र में इस वर्ष भी श्री गणेश चौथ महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महोत्सव की शुरुआत 14 सितंबर 2026, सोमवार को गणेश प्रतिमा स्थापना के साथ होगी। आयोजकों ने महोत्सव में श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों से बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की है। आयोजन के तहत लोअर बाजार पौड़ी स्थित गणेश चौथ हॉल में भगवान श्री गणेश की मूर्ति स्थापित की जाएगी। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन भगवान गणेश की आरती का आयोजन होगा। प्रातः 8 बजे और शाम 7 बजे दैनिक आरती की जाएगी। महोत्सव का समापन 24 सितंबर 2026, गुरुवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के साथ होगा। इस अवसर पर भव्य शोभायात्रा एवं झांकी निकाली जाएगी। संजय वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शोभायात्रा 24 सितंबर को सुबह 8 बजे लोअर बाजार से शुरू होगी, जिसके बाद भगवान गणेश की प्रतिमा का देवप्रयाग में विसर्जन किया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से गणेश चौथ महोत्सव में शामिल होकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में भी उत्साह बना हुआ है।

