October 12, 2026
उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की पौड़ी इकाई का गठन, सिद्धांत उनियाल बने जिलाध्यक्ष

उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की पौड़ी इकाई का गठन, सिद्धांत उनियाल बने जिलाध्यक्ष

उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की पौड़ी जिला इकाई का रविवार को गठन किया गया। पौड़ी में आयोजित बैठक में पत्रकारों की वर्तमान परिस्थितियों, उनके अधिकारों और संगठन की मजबूती को लेकर चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से जिला कार्यकारिणी का गठन करते हुए विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में पत्रकारों का एकजुट होना बेहद जरूरी है। पत्रकारिता के क्षेत्र में आ रही चुनौतियों के बीच पत्रकारों को अपने अधिकारों, हितों और समस्याओं को लेकर संगठित होकर आवाज उठानी चाहिए। वक्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकारों के हितों के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने पर भी जोर दिया। सर्वसम्मति से गठित जिला कार्यकारिणी में सिद्धांत उनियाल को जिलाध्यक्ष बनाया गया। वहीं कुलदीप बिष्ट को जिला महामंत्री, मुकेश चंद्र आर्य को जिला कोषाध्यक्ष, मनीष खुगशाल स्वतंत्र को जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष, प्रदीप नेगी को जिला कनिष्ठ उपाध्यक्ष तथा दीपक नौडियाल को जिला कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में उम्मीद जताई गई कि नवनियुक्त पदाधिकारी पत्रकारों की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा और जिले में पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *