भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) की हॉलमार्किंग टीम ने शनिवार को पौड़ी शहर में ज्वैलरी प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया। बीआईएस के हेड एवं ब्रांच प्रमुख हेमंत के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के दौरान लोअर बाजार, धारा रोड समेत विभिन्न क्षेत्रों की आभूषण दुकानों की जांच की गई।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों के रिकॉर्ड का गहन परीक्षण किया और हॉलमार्कयुक्त सोने व चांदी के आभूषणों के नमूने जांच के लिए एकत्र किए। टीम ने व्यापारियों को हॉलमार्किंग नियमों का कड़ाई से पालन करने, प्रत्येक बिक्री का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने तथा ग्राहकों को आभूषण खरीदने पर अनिवार्य रूप से मूल बिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।जांच के दौरान शाह जी ज्वैलर्स और शगुन ज्वैलर्स के कुछ आभूषण निर्धारित हॉलमार्क मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इसके बाद दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए सैंपलों को विस्तृत परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। बीआईएस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा और बाजार में मानक गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। साथ ही चेतावनी दी गई कि हॉलमार्किंग नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

