राष्ट्रीय विज्ञान दिवस-2026 के अवसर पर “विज्ञान में महिलाएं: विकसित भारत को उत्प्रेरित करना” विषय के अंतर्गत 27 एवं 28 फरवरी को डॉ. बी0जी0आर0 परिसर, पौड़ी में विभिन्न शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रथम दिवस 27 फरवरी को निबंध एवं प्रस्तुति प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रस्तुति प्रतियोगिता में परिसर के विद्यार्थियों अनुराग, अंजली, भानुजा एवं शिखा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए वैज्ञानिक विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। वहीं निबंध प्रतियोगिता में अमीशा ने प्रथम, साक्षी ने द्वितीय तथा भावना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर रसायन विभाग के प्रो. प्रभाकर बडोनी एवं प्रो. एम.सी. पुरोहित ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच विकसित करने तथा विज्ञान आधारित प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी के महत्व पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के दूसरे दिन 28 फरवरी को आमंत्रित व्याख्यान सत्र आयोजित किया गया, जिसमें उत्तराखंड बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, भरसार के रजिस्ट्रार प्रो. एस.पी. सती तथा पौड़ी गढ़वाल के वानिकी विभाग के श्री महातिम यादव ने मुख्य वक्ता के रूप में प्रतिभाग किया। दोनों वक्ताओं ने अपने ज्ञानवर्धक व्याख्यानों के माध्यम से प्रतिभागियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार एवं रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित किया तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। परिसर निदेशक प्रो. यू.सी. गैरोला, पूर्व परिसर निदेशक प्रो. प्रभाकर बडोनी तथा डी.डी.एस.डब्ल्यू. प्रो. एस.सी. गैरोला ने विज्ञान दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए सामाजिक एवं राष्ट्रीय विकास में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें अधिक अवसर प्रदान करने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में परिसर के संकाय सदस्य, कर्मचारी, शोधार्थी तथा स्नातक एवं स्नातकोत्तर छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का सफल आयोजन रसायन विभाग के डॉ. गौतम कुमार एवं डॉ. सरिता गोंड द्वारा परिसर निदेशक प्रो. यू.सी. गैरोला के नेतृत्व में किया गया।

