November 18, 2026
पहल पौड़ी’ के तहत पर्यटन को बढ़ावा देने की कवायद, UTRA की टीम ने किया होटल और होमस्टे का भ्रमण

पहल पौड़ी’ के तहत पर्यटन को बढ़ावा देने की कवायद, UTRA की टीम ने किया होटल और होमस्टे का भ्रमण

पौड़ी जनपद में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और जिले को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से ‘पहल पौड़ी’ के तहत उत्तराखंडी टूरिज्म रिप्रेजेंटेटिव एसोसिएशन (UTRA) की टीम पौड़ी पहुंची। इस दौरान टीम ने शहर के विभिन्न होटल और होमस्टे का भ्रमण कर उनके संचालकों से मुलाकात की और पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर चर्चा की। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि पौड़ी आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं और स्थानीय स्तर पर नए अनुभव कैसे उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही अधिक से अधिक पर्यटकों को पौड़ी की ओर आकर्षित करने, स्थानीय पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों की सहभागिता बढ़ाने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। उत्तराखंडी टूरिज्म रिप्रेजेंटेटिव एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रशांत मैठानी ने कहा कि पौड़ी बेहद खूबसूरत पर्यटन स्थल है। यहां आने वाले पर्यटक प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेकर काफी खुश होते हैं। पौड़ी को पर्यटन के क्षेत्र में और अधिक विकसित करने की संभावनाओं को देखते हुए टीम यहां पहुंची है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में सभी संबंधित लोगों की सहभागिता से मिलकर काम किया जाएगा। वहीं एसोसिएशन के कार्यकारी सदस्य सिद्धार्थ थपलियाल ने कहा कि पौड़ी एक खूबसूरत हिल स्टेशन है, जहां से हिमालय की विशाल पर्वत श्रृंखलाओं का विहंगम दृश्य दिखाई देता है। यहां का सूर्यास्त और विंटर लाइन का नजारा पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है। उन्होंने कहा कि भविष्य में पौड़ी आने वाले पर्यटकों को यहां के प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ धार्मिक और पौराणिक महत्व के स्थलों से भी परिचित कराने की दिशा में काम किया जाएगा, ताकि पौड़ी को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित किया जा सके। वहीं नगरपालिका सभागार पौड़ी में शहर के बुद्धिजीवियों और पर्यटन से जुड़े लोगों के साथ भी एक गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें पौड़ी के प्राकृतिक सौंदर्य और वन संपदा को पर्यटन से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। चर्चा के दौरान बर्ड वाचिंग (पक्षी दर्शन) को भी पर्यटन की एक महत्वपूर्ण गतिविधि बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि पौड़ी के आसपास के जंगलों में विभिन्न प्रजातियों के पक्षी देखने को मिलते हैं, जो प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों को आकर्षित कर सकते हैं। गोष्ठियों में इस बात पर जोर दिया गया कि पौड़ी की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध जैव विविधता और स्थानीय पर्यटन संभावनाओं को बेहतर तरीके से प्रचारित कर यहां पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा सकता है। इसके लिए पर्यटन से जुड़े सभी हितधारकों के बीच आपसी समन्वय और सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया गया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *