July 10, 2026
मूसलाधार बारिश के बीच देवदूत बनी पुलिस, सड़क पर उतरे थाना प्रभारी; मलबा हटाकर टाला बड़ा हादसा

मूसलाधार बारिश के बीच देवदूत बनी पुलिस, सड़क पर उतरे थाना प्रभारी; मलबा हटाकर टाला बड़ा हादसा

लगातार हो रही भारी बारिश के बीच पौड़ी–देवप्रयाग मोटर मार्ग पर एक संभावित बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब पहाड़ी से भारी मात्रा में कंकड़-पत्थर और मलबा सड़क पर आ गिरा। मार्ग पर फैले मलबे और छोटे-बड़े पत्थरों के कारण दोपहिया वाहनों सहित छोटे वाहनों के फिसलने और दुर्घटनाग्रस्त होने का गंभीर खतरा पैदा हो गया था। लगातार बारिश के चलते सड़क पर बिखरे पत्थर और कंकड़ वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गए थे। विशेष रूप से मोड़ों पर वाहन के ब्रेक लगाते समय फिसलने की आशंका बढ़ गई थी। ऐसे में किसी भी समय बड़ा सड़क हादसा हो सकता था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी देवप्रयाग अमरजीत सिंह रावत ने तत्परता और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए स्वयं मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने किसी अतिरिक्त सहायता का इंतजार किए बिना ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों के साथ सड़क पर उतरकर मलबा और पत्थरों को हटाने का अभियान शुरू कर दिया। लगातार बरस रही बारिश और प्रतिकूल मौसम के बावजूद पुलिस टीम ने पूरी मेहनत और समर्पण के साथ सड़क को साफ किया। जवानों ने सड़क पर फैले कंकड़-पत्थरों को हटाकर मार्ग को सुरक्षित बनाया, जिससे यातायात दोबारा सुचारु रूप से संचालित हो सका। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल संभावित दुर्घटनाओं को टाला जा सका, बल्कि क्षेत्र से गुजरने वाले सैकड़ों यात्रियों और वाहन चालकों को भी राहत मिली। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने पुलिस की इस संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में पुलिस ने मानवीय दायित्व निभाते हुए लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी। पौड़ी पुलिस ने एक बार फिर साबित किया है कि उसकी भूमिका केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि आपदा और संकट की घड़ी में भी वह जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए हर समय तत्पर रहती है। बारिश, भूस्खलन और अन्य आपात परिस्थितियों के बीच पुलिस बल जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार मैदान में डटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *