November 25, 2026
श्रीकोटखाल में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 50 से अधिक ग्रामीणों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

श्रीकोटखाल में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 50 से अधिक ग्रामीणों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ISSA Foundation की इकाई उत्तरा केयर हॉस्पिटल, पौड़ी गढ़वाल की ओर से एकेश्वर ब्लॉक के श्रीकोटखाल स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 50 से अधिक ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। शिविर में मुख्य चिकित्सक डॉ. जेपी चमोली (MD Medicine) ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें उचित परामर्श दिया। वहीं, ASG Eye Hospital की विशेषज्ञ टीम ने ग्रामीणों की निःशुल्क नेत्र जांच कर आंखों से जुड़ी समस्याओं के संबंध में आवश्यक सलाह दी।शिविर में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ ईसीजी, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, ऑक्सीजन स्तर, नाड़ी और बीएमआई सहित विभिन्न जांचें निःशुल्क की गईं। इसके अलावा जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। शिविर के आयोजन में सामाजिक कार्यकर्ता उमाकांत पांथरी का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों से संपर्क कर शिविर की जानकारी दी और लोगों को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए प्रेरित किया। उनके प्रयासों से बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविर तक पहुंचे और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया. ISSA Foundation के संस्थापक आईएस नेगी (इंद्रजीत सिंह नेगी) एवं डायरेक्टर हेल्थ केयर डॉ. विनोद टोलिया के मार्गदर्शन में संस्था की ओर से पहाड़ के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शिविर की व्यवस्थाओं और सफल संचालन में कैंप कोऑर्डिनेटर अमन कुमार एवं सुपरवाइजर काजल रावत की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने मरीजों के पंजीकरण, जांच व्यवस्था, चिकित्सा टीमों के समन्वय और शिविर के सुचारु संचालन की जिम्मेदारी संभाली। स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए आयोजकों एवं चिकित्सा टीम का आभार जताया। संस्था का कहना है कि पहाड़ के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों तक सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *