जंगलों को आग की घटनाओं से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से फायर सीज़न से पहले सिविल एवं सोयम वन प्रभाग पौड़ी रेंज द्वारा ग्राम सभा कोटा बकरौड़ा और ध्यानी गांव में वन अग्नि सुरक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान विभाग की ओर से अनुभाग अधिकारी अरविन्द रावत वन दरोगा ने ग्रामीणों को वन अग्नि से होने वाले नुकसान, वनों के महत्व तथा आग से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सामुदायिक भागीदारी के जरिए वन संरक्षण में सहयोग करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह “ग्रीन पहाड़ी फाउंडेशन” के कार्यकर्ता हरिओम ध्यानी ने ग्रामीणों को पर्यावरण सुरक्षा की शपथ दिलाई।बैठक की अध्यक्षता ग्राम सभा बकरौड़ा के कोटा गांव व बकरौड़ा गांव में ग्राम प्रधान रेखा देवी तथा ग्राम सभा रणाकोट में ग्राम प्रधान प्रसन्नी देवी ने की। वहीं वन पंचायत सरपंच रणाकोट उमेश ध्यानी ने आगामी वनाग्नि काल में विभाग के साथ मिलकर आग की घटनाओं को रोकने के लिए आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। गोष्ठी के माध्यम से ग्रामीणों को जंगलों की सुरक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने और आग लगने की स्थिति में तुरंत सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।

