पौड़ी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कोट विकासखंड स्थित प्रसिद्ध धार्मिक एवं आस्था के केंद्र श्री डांडा नागराजा में विभिन्न मोटर मार्गों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी ने प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के दर्जनों गांवों के हजारों ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि सड़कें ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंचने में सहूलियत मिलती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का प्रयास गांव-गांव तक विकास पहुंचाना है। दूरस्थ क्षेत्रों को सड़क सुविधा से जोड़ने और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि इन मोटर मार्गों के निर्माण एवं सुधार से उनकी लंबे समय से चली आ रही आवागमन संबंधी समस्याओं में कमी आएगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

