श्री कंडोलिया देवता मातृ-पितृ विहीन कन्या शिक्षा ट्रस्ट की ओर से शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 54 छात्राओं को छात्रवृत्ति के चेक वितरित किए गए। ट्रस्ट अब तक कुल 186 बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान कर चुका है। ट्रस्ट का उद्देश्य जरूरतमंद एवं मातृ-पितृ विहीन बालिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करना है। कार्यक्रम में डॉ. उमेश चंद्र गैरोला, परिसर निदेशक, बी.जी.आर. परिसर पौड़ी, अत्रेश सयाना, मुख्य शिक्षा अधिकारी पौड़ी तथा डॉ. वी.पी. बलौदी, संस्थापक PIMS, अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया तथा ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं शैक्षिक प्रयासों की सराहना की।ट्रस्ट की स्थापना दिसंबर 2019 में हुई थी। वर्ष 2020 में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर प्रथम छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। तब से ट्रस्ट निरंतर जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग प्रदान कर रहा है। अब तक 186 बच्चों को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराना ट्रस्ट की सामाजिक प्रतिबद्धता और शिक्षा के प्रति समर्पण को दर्शाता है। ट्रस्ट का मानना है कि आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बनना चाहिए। छात्रवृत्ति के माध्यम से बच्चों को अपनी पढ़ाई जारी रखने, आत्मनिर्भर बनने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। ट्रस्ट भविष्य में भी समाज के सहयोग से इस अभियान को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है. कार्यक्रम में ट्रस्ट के संस्थापक कालिका प्रसाद काला, संरक्षक श्रीमती पुष्पा मानस काला (पूर्व शिक्षा निदेशक, उत्तराखंड), मुख्य ट्रस्टी प्रदीप कुमार भट्ट, ट्रस्टी के.पी. मैठाणी एवं कैलाश कन्नौजिया तथा प्रबंधक उत्कर्ष भट्ट उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त ट्रस्ट के सदस्य दिनेश गैरोला, आशीष जदली, नागेंद्र जुगरान, निशा चौधरी, नमिता रावत, मधु नैथानी, अक्षत, अनुज, केतन, रोहित एवं मयूर भट्ट भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

