हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के पौड़ी परिसर में इको क्लब के आह्वन पर समाजशास्त्र विभाग द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान समाजशास्त्र विभाग, आर्ट्स ब्लॉक तथा कैंटीन भवन के आसपास के क्षेत्रों की सफाई की गई। अभियान का उद्देश्य परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के साथ ही विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण एवं सामूहिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। अभियान में समाजशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. किरन बाला, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. ल्हामु, डॉ. धारणा शर्मा एवं डॉ. अंकित उछोली सहित शोधार्थी राखी सती, विद्या तथा विभाग के स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर इको क्लब की संयोजक डॉ. किरन बाला ने विद्यार्थियों को इको क्लब के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि परिसर को स्वच्छ एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखने के लिए इस प्रकार की पहल आवश्यक है। स्वच्छता अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनका उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा उन्हें पर्यावरण संरक्षण के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने हेतु प्रेरित करना भी है।अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को परिसर की स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

