पौड़ी जिले के कोटद्वार बालासौड़ क्षेत्र में एक महिला के घर से करीब 20 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने के मामले का कोटद्वार पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि महिला के बेटे ने ही की थी। वारदात के बाद आरोपी जेवर लेकर राजस्थान फरार हो गया था। पुलिस ने उसे जयपुर से गिरफ्तार कर चोरी किए गए करीब 20 लाख रुपये के आभूषण बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार, बालासौड़ निवासी अनीता ने पांच अक्टूबर को कोतवाली कोटद्वार में तहरीर देकर बताया था कि उनके घर से अज्ञात व्यक्ति सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 246/2026 में बीएनएस की धारा 305(ए), 317(2) और 331(3) के तहत मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता मंमगाई के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनसे पता चला कि महिला के बेटे दीपांशु राजपूत ने ही घर से जेवरात चोरी किए थे। तकनीकी साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस को आरोपी के राजस्थान में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को झालूपुरा, जयपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10.50 तोला सोने के आभूषण और 891 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि अपनी खर्च करने की आदतों, निजी जरूरतों और शौक को पूरा करने के लिए उसने अपनी मां के जेवर चोरी किए थे। वारदात के बाद वह आभूषण लेकर घर से फरार हो गया और राजस्थान पहुंच गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

