पौड़ी जिले के पैठाणी क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो किशोरों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की स्कूटी, कंप्यूटर का सीपीयू, अग्निशमन यंत्र और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर चाकीसैंण के प्रधानाचार्य विश्वम्भर दत्त नौटियाल ने थाना पैठाणी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 अप्रैल की रात अज्ञात चोरों ने स्कूल की आलमारियों का ताला तोड़कर 16,500 रुपये नकद, एक सीपीयू और अग्निशमन यंत्र चोरी कर लिया। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद 27 अप्रैल को चाकीसैंण निवासी प्रभाकर गौड़ ने अपनी स्कूटी (UK12G7682) चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई, जो 25 अप्रैल की रात ग्राम मैली से चोरी हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष सुनील रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों की जांच, संदिग्धों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के बाद कार्रवाई करते हुए गोदा गांव, बुंखाल मंदिर रोड के पास से दो किशोरों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटनाओं को कबूल कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की स्कूटी, सीपीयू, अग्निशमन यंत्र और आभूषण बरामद किए। किशोरों ने खुलासा किया कि उन्होंने 22 अप्रैल को ग्राम मैली के एक बंद घर का ताला तोड़कर वहां से जेवर और नगदी चोरी की थी। चोरी के दौरान उन्होंने घर में खाना बनाया, शराब पी और कुछ शराब की बोतलें अपने साथ ले गए। इस मामले में अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई थी, लेकिन पुलिस जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, दोनों किशोर नशे के आदी हैं और अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। दोनों पैठाणी क्षेत्र के निवासी हैं, लेकिन वर्तमान में देहरादून में रह रहे थे। फिलहाल दोनों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बरामद सामान में शामिल हैं:
- होण्डा एक्टिवा स्कूटी (UK12G7682)
- सोने-चांदी के आभूषण
- कंप्यूटर सीपीयू
- अग्निशमन यंत्र
पुलिस टीम में शामिल रहे:
उपनिरीक्षक उत्तम रमोला, अपर उपनिरीक्षक आनन्द सिंह खरोला, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह, कांस्टेबल अमित कुमार, हर्षवर्धन सती और हर्षपाल।

