भारत सरकार के शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित “वूमेन फॉर ट्री” अभियान के अंतर्गत आज नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती हिमानी नेगी द्वारा अमृत के अभिसरण कार्यक्रम के अंतर्गत पौधारोपण स्थल का निरीक्षण किया गया। यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण को समर्पित एक महत्वपूर्ण पहल है। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष महोदय ने ईटीसी परिसर में साईट विजिट कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। इस क्षेत्र में 5 जून के उपरांत पौधारोपण की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। उल्लेखनीय है कि पौधारोपण का कार्य दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (DAY-NULM) के अंतर्गत गठित दो स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को साड़ी, जलपान हेतु वाटर बॉटल, पर्यावरण के अनुकूल जूट बैग तथा लेखन सामग्री प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने “वूमेन फॉर ट्री” अभियान की जानकारी साझा करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।कार्यक्रम में उपस्थित नगर पालिका अधिशासी अधिकारी शांतिप्रसाद जोशी ने भी अभियान की विस्तृत जानकारी साझा की और इसकी सफलता हेतु स्थानीय समुदाय के सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय सहभागिता इस मुहिम को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। सिटी मिशन मैनेजर श्री जगदीश रतूड़ी ने समूह की महिलाओं को मेहनत, लगन एवं समर्पण के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर डाटा एंट्री ऑपरेटर श्री चंद्रशेखर बड़ोनी, सामुदायिक संगठनकर्ता श्रीमती इन्दू उप्रेती सहित नगर पालिका के अनेक अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
