पौड़ी।
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय डॉ. बी.जी.आर. परिसर पौड़ी के समाजशास्त्र विभाग में नांदी फाउंडेशन (सीएसआर पहल, महिंद्रा एंड महिंद्रा ग्रुप) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “एम्प्लायबिलिटी स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग प्रोग्राम” का समापन समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को संप्रेषण कौशल, साक्षात्कार कौशल और करियर जागरूकता से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण विधाओं का प्रशिक्षण दिया गया। यह कार्यक्रम युवाओं के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उन्हें रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए तैयार करने में सहायक सिद्ध होगा। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। इस अवसर पर परिसर निदेशक प्रो. उमेश चंद्र गैरोला ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल औपचारिक शिक्षा पर्याप्त नहीं है, बल्कि कौशल विकास भी अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। पूर्व परिसर निदेशक प्रो. प्रभाकर बडोनी ने अपने संबोधन में कहा कि यह प्रशिक्षण विशेष रूप से बालिका सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल है। इससे छात्राओं को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर मिला है। समाजशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. किरन बाला ने कार्यक्रम की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण से छात्राओं के आत्मविश्वास, संप्रेषण क्षमता और पेशेवर दृष्टिकोण में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। नांदी फाउंडेशन के ट्रेनर श्री हर्षवर्धन सैनी ने प्रशिक्षण के दौरान आयोजित विभिन्न सत्रों कम्युनिकेशन स्किल, प्रेजेंटेशन स्किल और इंटरव्यू स्किल पर विस्तार से जानकारी दी और ऐसे कार्यक्रमों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण में शामिल छात्राओं सिमरन, तनुजा, सुमित, मेघना और दीपशिखा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस कार्यक्रम से उनके आत्मविश्वास और करियर दृष्टिकोण में सकारात्मक बदलाव आया है।
समापन समारोह में परिसर निदेशक प्रो. उमेश चंद्र गैरोला, पूर्व परिसर निदेशक प्रो. प्रभाकर बडोनी, प्रो. कुसुम डोबरियाल, प्रो. अनूप पांडेय, डॉ. दिनेश पांडेय, डॉ. किरन बाला, डॉ. धारणा शर्मा, डॉ. ममता आनंद, डॉ. आशा बिष्ट, डॉ. जया उनियाल, डॉ. सुरेखा, डॉ. विमला चमोला, डॉ. जितेंद्र सहित अन्य प्राध्यापकगण एवं पूर्व छात्र संघ पदाधिकारी मुकुल और अमन नेगी उपस्थित रहे।

