भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के निर्देश पर संचालित “आपकी पूंजी, आपका अधिकार” अभियान के तहत मंगलवार को कोटद्वार के मिक्स वेडिंग प्वाइंट, देवी रोड में विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लंबे समय से लंबित वित्तीय दावों का निस्तारण करते हुए लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए। जिले में अब तक विभिन्न बैंकों द्वारा 362 वित्तीय दावों का निपटारा कर लगभग 4.22 करोड़ रुपये की राशि उनके वास्तविक हकदारों तक पहुंचाई जा चुकी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय स्टेट बैंक के महाप्रबंधक दीपेश राज ने की। इस दौरान एसबीआई के उप महाप्रबंधक श्री विनोद कुमार, आरबीआई के एल.डी.ओ भरत आनंद, बीमा नियामक प्राधिकरण के प्रतिनिधि राजेश झा, एसबीआई क्षेत्रीय प्रबंधक श्री पंकज शर्मा सहित विभिन्न बैंकों के नियंत्रक एवं अधिकारी मौजूद रहे। शिविर में बैंकों, एलआईसी, एसबीआई जनरल इंश्योरेंस एवं अन्य वित्तीय संस्थानों के काउंटर स्थापित किए गए, जिनके माध्यम से उपभोक्ताओं को अनक्लेम्ड खातों, बीमा दावों एवं अन्य वित्तीय देयों से संबंधित जानकारी प्रदान की गई तथा मार्गदर्शन भी किया गया। राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति और अग्रणी बैंक द्वारा अभियान की सफलता में सहयोग देने के लिए सभी अधिकारियों, बैंक प्रतिनिधियों व स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

