हिमालय क्रांति पार्टी के जिलाध्यक्ष ने आज पोखड़ा से सराईखेत मोटर मार्ग पर चल रहे चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर असंतोष जताते हुए अफसोस व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण जैसे बड़े निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि क्षेत्र की जनता को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके। पार्टी जिलाध्यक्ष ने कहा कि बीरोंखाल विकासखंड में 50 से अधिक ठेकेदार हैं, जो स्थानीय स्तर पर निर्माण कार्यों से जुड़े हुए हैं। यदि इस सड़क चौड़ीकरण का ठेका स्थानीय ठेकेदारों को दिया जाता, तो उन्हें रोजगार और आजीविका के बेहतर अवसर मिल सकते थे। इससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती और निर्माण कार्य से होने वाला आर्थिक लाभ भी स्थानीय स्तर पर बना रहता।उन्होंने बताया कि पोखड़ा–सराईखेत सड़क चौड़ीकरण का ठेका करीब 65 करोड़ रुपये का है, जो उत्तराखंड से बाहर की एक कंपनी को मिला है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब क्षेत्र में ही इतने ठेकेदार उपलब्ध हैं, तो स्थानीय लोगों को बड़े निर्माण कार्यों में पर्याप्त अवसर क्यों नहीं दिए जाते। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यदि इस परियोजना का काम स्थानीय ठेकेदारों को मिलता, तो इससे कई परिवारों की आजीविका को सहारा मिलता और क्षेत्र के युवाओं को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध होते। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि पहाड़ के संसाधनों और परियोजनाओं का लाभ यहां के लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने संबंधित विभाग से सड़क चौड़ीकरण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीरता से ध्यान देने तथा निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में होने वाले बड़े विकास कार्यों में स्थानीय ठेकेदारों और युवाओं को प्राथमिकता देने के लिए ठोस पहल की जानी चाहिए।

