पौड़ी स्थित बीजीआर परिसर में आज आर्यन छात्र संगठन की ओर से छात्र-छात्राओं के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के वरिष्ठ छात्र नेताओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया और छात्र हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बातें रखीं। पूर्व जिला अध्यक्ष आर्यन छात्र संगठन कुश रावत ने कहा कि आर्यन छात्र संगठन लंबे समय से छात्र-छात्राओं के हितों के लिए कार्य करता आ रहा है और आगे भी परिसर में विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर संघर्ष जारी रखा जाएगा। उन्होंने दावा किया कि बैठक के दौरान बड़ी संख्या में NSUI से जुड़े छात्र-छात्राओं ने आर्यन छात्र संगठन की सदस्यता ग्रहण की। बैठक के दौरान आर्यन छात्र संगठन ने छात्रसंघ चुनाव को लेकर भी अपनी तैयारियों का आगाज कर दिया। संगठन की ओर से छात्रसंघ सचिव पद के लिए करन कुमार को प्रत्याशी घोषित किया गया। वहीं, सुजल असवाल को आर्यन छात्र संगठन की इकाई अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि आगामी छात्रसंघ चुनाव में संगठन छात्र-छात्राओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा और विद्यार्थियों के हित में मजबूती से काम करेगा। बैठक में जिला अध्यक्ष कुश रावत के अलावा पवन रावत, हिमांशु, योगेश, कुनाल सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

