उत्तराखंड के पौड़ी जिले में वन्यजीवों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. तमाम ग्रामीण क्षेत्रों में गुलदार, बाघ और भालू के हमलों से लोग दहशत में हैं. ताजा मामला कमन्द गांव का है, जहां एक बार फिर गुलदार के हमले में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई. कमन्द गांव में गुलदार ने व्यक्ति को बनाया निवाला: जानकारी के मुताबिक, पौड़ी ब्लॉक के कमन्द गांव निवासी 62 वर्षीय मोहन चंद्र मलासी शुक्रवार यानी 15 मई की शाम करीब 6 बजे गांव के पास खेतों में गायों के लिए चारा-पत्ती लेने गए थे. काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी खोजबीन शुरू की. क्षत-विक्षत अवस्था में मिला शव: तलाश के दौरान उनका शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला, जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई. बताया जा रहा है कि गुलदार ने मोहन चंद्र मलासी पर उस समय हमला किया, जब वे खेतों में अकेले गए हुए थे. ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में पिछले कुछ समय से गुलदार की गतिविधियां लगातार बढ़ रही थीं, जिससे लोगों में पहले से ही भय का माहौल बना हुआ था.

