कोट ब्लॉक के अंतर्गत स्थित श्री डांडा नागराजा मंदिर में 15 अप्रैल को भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी पौड़ी से मुलाकात कर उन्हें औपचारिक रूप से निमंत्रण पत्र सौंपा। समिति के अध्यक्ष कमलेश चमोली ने बताया कि मंदिर में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी को ज्ञापन भी दिया गया है। साथ ही मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती का भी अनुरोध किया गया है।मंदिर समिति के उपाध्यक्ष उपेंद्र भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 अप्रैल की सुबह विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की जाएगी। इस दौरान आसपास के गांवों से पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ निशान (ध्वज) मंदिर परिसर तक लाए जाएंगे, जो मेले का मुख्य आकर्षण रहेगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मेले को “श्री डांडा नागराजा महोत्सव” के रूप में मनाया जाएगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी मेले को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन का सहयोग मिल रहा है। महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला और पौड़ी के विधायक राजकुमार पोरी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। जिलाधिकारी से मुलाकात करने वालों में समिति के अध्यक्ष कमलेश चमोली, उपाध्यक्ष उपेंद्र भट्ट, संयोजक शशिकांत चमोली सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।

