August 27, 2026
जीबीपीआईईटी में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित

जीबीपीआईईटी में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित

गोविंद बल्लभ पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (जीबीपीआईईटी), घुड़दौड़ी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आज दिनांक 25 अगस्त को प्रातः 10:00 बजे महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रीति डिमरी द्वारा किया गया। मंच पर संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) वी. के. बंगा के साथ डॉ. एच. गोयल, डॉ. आशुतोष गुप्ता, प्रो. (डॉ.) के. के. एस. मेर, डॉ. के. एस. भाटिया, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. एम. के. अग्रवाल, डॉ. संदीप राणा तथा डॉ. बी. एस. तिवारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रथम वर्ष के वार्डन, कोर्स काउंसलर, विभिन्न विभागों के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में निदेशक प्रो. (डॉ.) वी. के. बंगा ने सभी विद्यार्थियों का जीबीपीआईईटी परिवार में स्वागत करते हुए संस्थान की प्रमुख उपलब्धियों, शैक्षणिक उत्कृष्टता, बढ़ती प्रवेश संख्या एवं प्लेसमेंट उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान में वर्तमान में लगभग 60 प्रतिशत विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं तथा इस वर्ष कुल 588 विद्यार्थियों ने विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश लिया है, जो संस्थान के प्रति विद्यार्थियों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन, नवाचार एवं कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि संस्थान परिवार उनके शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत विकास के लिए हर समय सहयोग हेतु तत्पर है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम के दौरान मंचासीन अधिकारियों द्वारा अपने-अपने प्रकोष्ठों, विभागों एवं विद्यार्थियों से संबंधित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों को शैक्षणिक व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली, छात्र कल्याण गतिविधियों, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट, पुस्तकालय सुविधाओं, छात्रावास व्यवस्था, अनुशासन, खेलकूद, सह-पाठ्यक्रम एवं सांस्कृतिक गतिविधियों सहित संस्थान में उपलब्ध विभिन्न अवसरों एवं सुविधाओं से अवगत कराया गया।इस अवसर पर विद्यार्थियों को एआईसीटीई के निर्देशानुसार आयोजित किए जा रहे तीन सप्ताह के स्टूडेंट इंडक्शन प्रोग्राम (एसआईपी) की भी जानकारी दी गई। नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए एसआईपी प्रारंभ हो चुका है और इसे नियमित शिक्षण के साथ संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को संस्थान के शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन, व्यक्तित्व एवं कौशल विकास, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा उच्च शिक्षा की कार्यप्रणाली से परिचित कराया जा रहा है। एसआईपी का उद्देश्य विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक वातावरण के अनुरूप तैयार करने के साथ-साथ उनके समग्र व्यक्तित्व विकास की मजबूत आधारशिला तैयार करना है। कार्यक्रम के अंत में डॉ किरीट सेमवाल द्वारा सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों को जिम्मेदार, अनुशासित एवं संवेदनशील नागरिक बनने के लिए शपथ दिलाई गई। अंत में डॉ. प्रीति डिमरी द्वारा सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं नवप्रवेशित विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *