देवप्रयाग: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल के निर्देश पर बुधवार को थाना देवप्रयाग पुलिस द्वारा ग्राम सिरालाखाल में थाना दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना, ग्रामीणों की समस्याओं को सुनना तथा कानून एवं सुरक्षा संबंधी विषयों पर लोगों को जागरूक करना रहा। थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह रावत के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में उपनिरीक्षक रविंद्र भंडारी, हेड कांस्टेबल बुद्धिबल्लभ, कांस्टेबल विजय प्रकाश तथा कांस्टेबल यतेंद्र रावत मौजूद रहे। इस दौरान ग्राम प्रधान सीमा नेगी, क्षेत्र के सीएलजी सदस्य, गणमान्य नागरिकों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी देते हुए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या पासवर्ड किसी से साझा न करने की सलाह दी। इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करने के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में युवाओं और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशीले पदार्थों के सेवन और उनके अवैध क्रय-विक्रय से दूर रहने की अपील की गई। पुलिस ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है, इसलिए इसके खिलाफ सभी को मिलकर अभियान चलाना चाहिए। इस दौरान पुलिस टीम ने आमजन को विभिन्न पुलिस हेल्पलाइन नंबरों और आपातकालीन सेवाओं की जानकारी भी दी। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई कि यदि उनके क्षेत्र में किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, आपराधिक घटना या असामाजिक तत्वों की सूचना मिले तो बिना किसी संकोच के तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। थाना दिवस के दौरान ग्रामीणों ने भी पुलिस के साथ संवाद करते हुए स्थानीय सुरक्षा और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव साझा किए। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जनता की सुरक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस हमेशा तत्पर है तथा ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी लगातार आयोजित किए जाएंगे।

