उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 2 जुलाई से नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत के साथ ही प्रदेशभर में जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और वार्ड सदस्यों के चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस बीच सियासी हलकों में हलचल तब और तेज हो गई जब भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार देर शाम पंचायत चुनावों के लिए अपने समर्थित प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। पार्टी के जिलाध्यक्ष कमल किशोर की ओर से जारी सूची के मुताबिक कुल 18 जिला पंचायत सीटों पर बीजेपी ने अपने समर्थित प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं, जबकि शेष सीटों को स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने के लिए छोड़ा गया है। इस सूची में सबसे खास नाम पौड़ी जनपद की हॉट सीट मानी जा रही धौलकंडी कोट का है, जहां से निवर्तमान जिला पंचायत उपाध्यक्ष रचना बुटोला को पार्टी का समर्थन मिला है। रचना बुटोला पहले से ही क्षेत्र में मजबूत पकड़ रखती हैं और उनके समर्थक इस निर्णय से खासे उत्साहित नजर आ रहे हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में बीजेपी ने महेंद्र भट्ट को उत्तराखंड का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है, और इसके तुरंत बाद पार्टी द्वारा पंचायत चुनावों के लिए सक्रियता तेज की गई है। समर्थित प्रत्याशियों की घोषणा को लेकर बीजेपी की रणनीति साफ दिख रही है. जमीनी स्तर पर पकड़ मजबूत करने के साथ ही पार्टी अनुशासन बनाए रखते हुए चुनावी समीकरण साधने की कोशिश की जा रही है। अब देखना यह होगा कि पंचायत चुनाव के इस संग्राम में अन्य राजनीतिक दल क्या रणनीति अपनाते हैं और बीजेपी की यह शुरुआती बढ़त किस हद तक उसे चुनावी सफलता दिला पाती है।


