पौड़ी जनपद के पाबौ विकासखंड के युवा अंकित शर्मा ने “जुगनू” नाम की एक नई राइड-बुकिंग एप्लीकेशन तैयार की है, जो पहाड़ी क्षेत्रों में परिवहन की समस्या को आसान बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। यह एप्लीकेशन दोपहिया और चौपहिया दोनों प्रकार के वाहनों के लिए उपलब्ध होगी, जिससे लोग आसानी से अपनी राइड बुक कर सकेंगे। आमतौर पर ऐसी सुविधाएं मैदानी इलाकों में Ola और Uber जैसे प्लेटफॉर्म्स के जरिए पहले से मौजूद हैं, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में यह सुविधा अब तक सीमित रही है। अंकित शर्मा जिन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ग्रामीण क्षेत्र से प्राप्त की और बाद में देहरादून से एमबीए की पढ़ाई पूरी की, उन्होंने नौकरी के साथ-साथ इस एप्लीकेशन को विकसित किया। उनकी यह पहल स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर की गई है, जिससे पहाड़ के लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके। वर्तमान में “जुगनू” ऐप श्रीनगर,रुद्रप्रयाग में शुरू हो चुकी है और अब पौड़ी में भी लॉन्च होने जा रही है। एप के फाउंडर अंकित के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में संसाधनों की कमी के कारण लोगों को अक्सर पैदल चलना पड़ता है, वहीं रोजगार के अभाव में पलायन भी एक बड़ी समस्या है। “जुगनू” ऐप के माध्यम से न केवल लोगों को घर तक परिवहन की सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं को अपने वाहनों के जरिए रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। खास बात यह है कि इस ऐप में रजिस्ट्रेशन के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जा रहा है।


