गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत कोटद्वार में लोगों को एक बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। यहां 11 अप्रैल 2026 को नया पासपोर्ट सेवा केंद्र (Passport Seva Kendra) विधिवत रूप से शुरू किया जाएगा। इस केंद्र के शुरू होने से कोटद्वार और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अब पासपोर्ट बनवाने के लिए देहरादून जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।नबताया जा रहा है कि गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने इस सुविधा को क्षेत्र में शुरू कराने के लिए पहले केंद्रीय विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की थी। उनकी पहल के बाद कोटद्वार में पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने की मंजूरी मिली और अब इसका निर्माण कार्य भी पूरा कर लिया गया है। 11 अप्रैल को आयोजित होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम में गढ़वाल सांसद के साथ-साथ भारत सरकार के केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा भी मौजूद रहेंगे। स्थानीय लोगों के लिए यह केंद्र बेहद लाभकारी साबित होगा, क्योंकि अब उन्हें पासपोर्ट से संबंधित कार्यों के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा। यह पहल क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने और विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

