पौड़ी जनपद के लोकप्रिय पर्यटन एवं धार्मिक आस्था के केंद्र कंडोलिया पार्क में जिला पंचायत सदस्य डोभ श्रीकोट अनुज कुमार के नेतृत्व में होली मिलन कार्यक्रम का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी से जुड़े पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। होली मिलन कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक तरीके से एक-दूसरे को गुलाल लगाकर एवं शुभकामनाएं देकर की गई। कार्यक्रम स्थल पर लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली, जहां उपस्थित लोगों ने होली के पारंपरिक गीतों और संगीत के साथ पर्व का आनंद लिया। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सभी ने मिलकर आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि होली का त्योहार समाज में प्रेम, एकता और सद्भावना को मजबूत करने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज के समय में ऐसे सामाजिक आयोजनों की विशेष आवश्यकता है, जो लोगों को एक मंच पर जोड़ने का कार्य करें। उन्होंने सभी से आपसी मतभेदों को भुलाकर मिलजुल कर समाज और क्षेत्र के विकास में योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने फूलों एवं गुलाल की होली खेली और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। आयोजन स्थल पर उत्सव का माहौल पूरे समय बना रहा और लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों ने इस तरह के आयोजनों को सामाजिक एकता के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय युवाओं का विशेष सहयोग रहा। अंत में सभी ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन किया।

