जनपद पौड़ी के विकास खंड कोट स्थित सिद्धपीठ श्री डांडा नागराजा मंदिर परिसर में श्री डांडा नागराजा धर्म क्षेत्र विकास समिति की पहल पर आगामी 7 जून से 15 जून तक श्रीमद् अष्टादश महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से आमजन और युवा पीढ़ी को सनातन संस्कृति, वेदों, शास्त्रों और पुराणों के ज्ञान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।शनिवार को जिला मुख्यालय पौड़ी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए समिति के अध्यक्ष सुभाष चंद्र देशवाल ने बताया कि कथा ज्ञान यज्ञ में 4 वेद, 6 शास्त्र और 18 पुराणों पर देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे 31 व्यास आचार्य कथा वाचन करेंगे। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति के संरक्षण और नई पीढ़ी को इससे जोड़ने के लिए समिति दशकों से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन अनंत श्री विभूषित श्री मज्जगदगुरु देवादित्यानंद सरस्वती जी महाराज, केशव स्वरुप ब्रह्मचारी, श्री स्वामी सोह्म मुनि जी महाराज, मुनि अभय चैतन्यानंद, ब्रह्मचारी कल्याण स्वरुप जी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी जी महाराज और आचार्य पं. भाष्कर जोशी के सानिध्य में आयोजित होगा। मुख्य यज्ञ आचार्य दुर्गेश बिन्जोला और उनकी टीम कथा का वाचन करेगी। आयोजन में प्रदेश के कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल होंगे। इनमें शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया, विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी, विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, पालिकाध्यक्ष देवप्रयाग ममता देवी और पालिकाध्यक्ष पौड़ी हिमानी नेगी सहित लगभग 20 मुख्य अतिथि शामिल रहेंगे। समिति अध्यक्ष ने बताया कि 7 जून को देवप्रयाग संगम से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला पहला कलश उठाएंगी। यह यात्रा श्री सनातन धर्म मंदिर बैजणगांव होते हुए मंदिर परिसर पहुंचेगी। वहीं 8 जून से प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 11 बजे तक पूजन और दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक कथा वाचन कार्यक्रम आयोजित होगा। समिति की ओर से कथा ज्ञान यज्ञ में सहभागिता के लिए क्षेत्र के 140 गांवों को आमंत्रित किया जाएगा। इस अवसर पर समिति सचिव राजेंद्र प्रसाद बिजल्वाण, उपाध्यक्ष उपेंद्र भट्ट, वीरेंद्र प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

