पौड़ी जनपद के कल्जीखाल ब्लॉक में बढ़ते जंगली जानवरों के आतंक को लेकर क्षेत्र में रोष बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्र के समाजसेवी जगमोहन डांगी ने कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर एक दिवसीय सांकेतिक धरना दिया और जिला प्रशासन से तत्काल ठोस कार्रवाई की मांग की।
धरने के दौरान उन्होंने कहा कि कल्जीखाल ब्लॉक के ग्रामीण लंबे समय से जंगली जानवरों के आतंक से जूझ रहे हैं। आए दिन खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो रही हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही, बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए भी खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। कई ग्रामीण अब शाम ढलते ही घरों से निकलने में डर महसूस कर रहे हैं। जगमोहन डांगी ने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों में वन विभाग की टीमों की नियमित गश्त सुनिश्चित की जाए, संवेदनशील गांवों में पिंजरे लगाए जाएं तथा किसानों को हुए नुकसान का उचित मुआवजा शीघ्र प्रदान किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया तो क्षेत्रीय जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। धरने की सूचना मिलने पर प्रशासन की ओर से ज्ञापन प्राप्त कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और वन विभाग इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं।

