March 9, 2026
राज्यपाल के हेलीकॉप्टर की हुई इमरजेंसी लैंडिंग

राज्यपाल के हेलीकॉप्टर की हुई इमरजेंसी लैंडिंग

 

उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी है। उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आने से हड़कंप मच गया। हालांकि, पायलट ने गजब की सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए चॉपर को तुरंत श्रीनगर स्थित जीवीके हेलीपैड पर सुरक्षित उतार लिया। एक बड़ा हादसा होने से टल गया है और राज्यपाल पूरी तरह सुरक्षित हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जब हेलीकॉप्टर हवा में था, तभी पायलट को कुछ तकनीकी खामियों का अलर्ट मिला। खतरे को भांपते हुए पायलट ने कोई जोखिम न लेते हुए एहतियात के तौर पर तुरंत नजदीकी सुरक्षित स्थान पर उतरने का फैसला लिया। इसके बाद हेलीकॉप्टर को श्रीनगर के जीवीके हेलीपैड की ओर मोड़ दिया गया और सफलतापूर्वक लैंडिंग कराई गई। हेलीकॉप्टर के इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत राज्यपाल गुरमीत सिंह को तत्काल हेलीपैड से सुरक्षित निकालकर श्रीनगर स्थित पुलिस गेस्ट हाउस ले जाया गया। वे फिलहाल वहीं ठहरे हुए हैं और पूरी तरह से स्वस्थ हैं। सूत्रों के अनुसार, तकनीकी टीम को मौके पर बुला लिया गया है और हेलीकॉप्टर की गहनता से जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि खराबी इंजन में थी या किसी अन्य सिस्टम में। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि समय रहते इमरजेंसी लैंडिंग कर ली गई, जिससे किसी तरह की अनहोनी टल गई। फिलहाल राज्यपाल के आगे के कार्यक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही उनकी अगली उड़ान को लेकर कोई नया निर्णय लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *