April 23, 2026
पारिवारिक विवाद बना खूनी,भाई पर किया जानलेवा हमला

पारिवारिक विवाद बना खूनी,भाई पर किया जानलेवा हमला

पौड़ी गढ़वाल जिले के पाबौ क्षेत्र से पारिवारिक रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या की नीयत से उसके सिर पर धारदार हथियार से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पाबौ निवासी राकेश कुमार ने कोतवाली पौड़ी में लिखित शिकायती प्रार्थना पत्र देकर बताया कि बीती 7 फरवरी की रात उनके भाई कुलदीप सिंह का छोटे भाई राजेन्द्र सिंह के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि कुलदीप सिंह ने गुस्से में आकर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार (स्थानीय भाषा में पाठल) से राजेन्द्र सिंह के सिर पर जोरदार वार कर दिया। वार लगते ही राजेन्द्र सिंह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजनों और आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली पौड़ी में आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 06/2026, धारा 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पौड़ी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। गठित टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने खून के नमूने व अन्य भौतिक साक्ष्य एकत्र किए। लगातार दबिश और सूचना संकलन के बाद पुलिस ने आरोपी कुलदीप सिंह को फल्दवाड़ी, मदकोली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार पाठल भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पौड़ी भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है और घटना के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। प्राथमिक जांच में यह मामला आपसी पारिवारिक विवाद का प्रतीत हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *