हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के पौड़ी परिसर में इन दिनों छात्रसंघ चुनाव को लेकर गहमागहमी तेज हो गई है। आगामी 27 सितंबर को मतदान होगा और उसी दिन मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनावी माहौल में प्रत्याशी छात्रों से लगातार संवाद कर अपनी बात रख रहे हैं। छात्रसंघ चुनाव में उपाध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतरीं मानसी डंगवाल ने कहा कि पौड़ी परिसर में बीते कुछ वर्षों से छात्रों की संख्या लगातार घट रही है, जिस पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि परिसर में टेक्निकल और प्रोफेशनल कोर्स शुरू किए जाने चाहिए ताकि स्थानीय और बाहरी छात्र यहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकें। इससे न केवल शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे बल्कि घटती छात्र संख्या पर भी अंकुश लगेगा।

