गोविंद बल्लभ पंत इंजीनियरिंग कॉलेज (जीबीपीआईईटी), पौड़ी गढ़वाल के विद्यार्थियों ने कैंपस प्लेसमेंट में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। संस्थान में आज आयोजित पीआई इन्फोटेक (Pi Infotech) के कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में विभिन्न इंजीनियरिंग शाखाओं के 16 विद्यार्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों को ₹9 लाख प्रति वर्ष का पैकेज प्राप्त हुआ है।चयनित विद्यार्थियों में सिविल इंजीनियरिंग से उत्कर्ष कुशवाहा एवं प्रियांशी ममगाईं; मैकेनिकल इंजीनियरिंग से अखिलेश रघुवंशी, कर्तव्य अग्रवाल एवं प्रियांशु उनियाल; कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) से रचिता पंत एवं विश्वास भाटिया; कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (AI/ML) से अनन्या नेगी, पलक जेठी एवं ओजस्वी अरोड़ा; इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ECE) से शुभम सिंह रावत, अरनव बंसल एवं क्षितिज गोयल; तथा इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (EE) से समृद्धि भट्ट, विधि नबियाल एवं सृष्टि रावत शामिल हैं। संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) वी. के. बंगा ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए इसे संस्थान में गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगारपरक प्रशिक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी अपनी तकनीकी दक्षता, व्यावसायिक कौशल एवं निरंतर सीखने की प्रवृत्ति को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। डीन प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट विभाग डॉ. के. एस. भाटिया ने कहा कि पीआई इन्फोटेक के कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में 16 विद्यार्थियों का ₹9 लाख प्रति वर्ष के पैकेज पर चयन संस्थान के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ संचार कौशल, साक्षात्कार की तैयारी और उद्योगों की अपेक्षाओं के अनुरूप प्रशिक्षित करने पर निरंतर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा इस सफलता में योगदान देने वाले संबंधित विभागों, शिक्षकों और प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट टीम के प्रयासों की सराहना की. इस प्लेसमेंट ड्राइव के सफल आयोजन में विभिन्न विभागों के समन्वयकों डॉ. सिद्धार्थ घनसेला, डॉ. सुमित राणा, डॉ. मीनाक्षी कठैत एवं डॉ. सरीश चंद्रवंशी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्थान का प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट विभाग विद्यार्थियों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने और उन्हें बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। पीआई इन्फोटेक के इस कैंपस ड्राइव में मिली सफलता से विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हुए हैं तथा संस्थान की प्लेसमेंट गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिला है।

