October 3, 2026
वन्यजीव सुरक्षा सप्ताह के तहत पौड़ी में मैराथन, मानव-वन्यजीव संघर्ष के प्रति दिया जागरूकता संदेश

वन्यजीव सुरक्षा सप्ताह के तहत पौड़ी में मैराथन, मानव-वन्यजीव संघर्ष के प्रति दिया जागरूकता संदेश

वन्यजीव सुरक्षा सप्ताह के तहत शुक्रवार, 2 अक्टूबर को पौड़ी में वन विभाग की ओर से कंडोलिया से टेका रोड तक मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अलग-अलग आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए 3 किलोमीटर, 5 किलोमीटर और ओपन वर्ग में 10 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई। मैराथन का शुभारंभ सिविल एवं सोयम वन प्रभाग पौड़ी के प्रभागीय वनाधिकारी पवन नेगी और उप प्रभागीय वनाधिकारी राखी जुयाल ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने दौड़ में हिस्सा लिया। वन विभाग के अनुसार, मैराथन का मुख्य उद्देश्य लोगों को मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं के प्रति जागरूक करना और वन्यजीव संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम के दौरान वन्यजीवों के संरक्षण के साथ-साथ मानव और वन्यजीवों के बीच बेहतर सामंजस्य बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। गढ़वाल वन प्रभाग की नागदेव रेंज के वन क्षेत्राधिकारी नक्षत्र लव शाह ने बताया कि प्रतियोगिता के प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 8 अक्टूबर को कंडोलिया थीम पार्क में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। मैराथन का आयोजन सिविल एवं सोयम वन प्रभाग पौड़ी तथा गढ़वाल वन प्रभाग के संयुक्त प्रयासों से किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *