पौड़ी विधानसभा सीट पर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव कर सकती है। पार्टी इस बार किसी युवा और नए चेहरे पर दांव लगाने की तैयारी में दिखाई दे रही है। यह इस लिए भी जरूरी है कि युवा पूरे जोश के साथ जनता के मुद्दों को लेकर लड़ने की क्षमता रखता है। पौड़ी विधानसभा सीट पर पिछले दो विधानसभा चुनावों (2017 और 2022) में कांग्रेस ने नवल किशोर को प्रत्याशी बनाया था, लेकिन दोनों चुनावों में उन्हें भाजपा उम्मीदवार से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद वर्ष 2024 में नवल किशोर भाजपा में शामिल हो गए। उनके पार्टी छोड़ने से कांग्रेस को राजनीतिक और संगठनात्मक दोनों स्तरों पर झटका लगा है। इसी पृष्ठभूमि में कांग्रेस अब ऐसे उम्मीदवार की तलाश में है, जो संगठन के प्रति निष्ठावान हो क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहा हो और पार्टी को मजबूत करने की क्षमता रखता हो। पार्टी चाहती है कि 2027 के चुनाव में ऐसा प्रत्याशी मैदान में उतारा जाए जो जनता के बीच मजबूत पकड़ रखता हो और पौड़ी विधानसभा सीट पर जीत दिला सके। हालांकि, पार्टी के कई पुराने नेता लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं और उन्हें उम्मीद है कि इस बार टिकट उन्हें मिलेगा। लेकिन सूत्रों के अनुसार कांग्रेस नेतृत्व एक नए और युवा चेहरे को मौका देने पर गंभीरता से विचार कर रहा है। पार्टी से जुड़े कुछ पुराने नेताओं ने बताया कि पार्टी को ऐसे युवा नेता की तलाश है जो युवाओं के बीच लोकप्रिय हो, शहर और विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं से भली-भांति परिचित हो तथा लंबे समय से जनता के बीच सक्रिय रहकर अपनी पहचान बना चुका हो। इसके साथ ही पौड़ी विधानसभा का रहने वाला हो। इन सभी रणनीतियों के साथ कांग्रेस जीत के लिए पूरी तरह तैयार है।

