June 20, 2026
योग प्रशिक्षकों ने उठाई मानदेय और योग नीति की मांग, काली पट्टी बांधकर मनाएंगे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

योग प्रशिक्षकों ने उठाई मानदेय और योग नीति की मांग, काली पट्टी बांधकर मनाएंगे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

योग अनुदेशक संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय रतूड़ी के नेतृत्व में आयोजित बैठक में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कार्यरत योग प्रशिक्षकों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत राजकीय महाविद्यालय मासी (अल्मोड़ा) में तैनात आउटसोर्स योग प्रशिक्षिका लता शाह के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को योग प्रशिक्षक अपने-अपने केंद्रों पर दाहिने हाथ में काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण और सकारात्मक तरीके से मनाएंगे। इस दौरान सरकार का ध्यान योग प्रशिक्षकों की लंबित मांगों की ओर आकर्षित किया जाएगा। विजय रतूड़ी ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में तैनात योग प्रशिक्षक अपनी नियुक्ति के तीन वर्ष से अधिक का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं, लेकिन अभी तक उन्हें सम्मानजनक मानदेय, समय पर भुगतान, बीमा, पीएफ और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में विभिन्न जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों और सरकार को कई ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बैठक में मौजूद योग प्रशिक्षिकाओं पुष्पा बिष्ट, साधना सिंह, पद्मा पवार और शकुंतला सिंह ने कहा कि सरकार एक ओर महिला सशक्तिकरण की बात करती है, वहीं दूसरी ओर महिला योग प्रशिक्षकों की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने समय पर मानदेय और सेवा सुरक्षा की मांग उठाई। योग प्रशिक्षक नरेश लाल और मनिंदर सिंह नेगी ने भी योग प्रशिक्षकों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि संगठन उनके अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रखेगा। विजय रतूड़ी ने कहा कि यदि योग प्रशिक्षकों के हित में योग नीति, योग आयोग, सम्मानजनक वेतन, सामाजिक सुरक्षा और अन्य सुविधाओं को लेकर सरकार द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए गए तो संगठन आगे आंदोलन की रणनीति बनाएगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय योग महासंघ के माध्यम से प्रधानमंत्री को भी ज्ञापन भेजा जा चुका है। बैठक के अंत में सभी योग प्रशिक्षकों ने एकजुट होकर योग शिक्षकों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। साथ ही आम जनता से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की अपील की गई।

बैठक में दीपक, पुष्पा, साधना, मनिंदर, पद्मा, शकुंतला, गीता, सरिता, अमित सहित अन्य योग प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *