September 6, 2026
केशव नेगी प्रकरण में परिजनों से मिले सांसद अनिल बलूनी, बोले- निर्दोष के साथ नहीं होने देंगे अन्याय

केशव नेगी प्रकरण में परिजनों से मिले सांसद अनिल बलूनी, बोले- निर्दोष के साथ नहीं होने देंगे अन्याय

 

दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे होटल अग्निकांड प्रकरण में गिरफ्तार उत्तराखंड निवासी शेफ केशव नेगी के परिजनों से आज गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि न्याय की इस लड़ाई में वे उनके साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं और किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और सभी तथ्यों को सामने लाकर न्याय सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि वे लगातार इस मामले की निगरानी कर रहे हैं तथा संबंधित अधिकारियों के समक्ष भी परिवार की बात को प्रमुखता से रख रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व सांसद अनिल बलूनी ने हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ दिल्ली पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। उन्होंने प्रथम दृष्टया केशव नेगी को निर्दोष बताते हुए उनके पक्ष को गंभीरता से सुने जाने और जांच के सभी पहलुओं पर निष्पक्षता बरतने का आग्रह किया था। जनप्रतिनिधि के रूप में सांसद अनिल बलूनी का यह प्रयास उत्तराखंड के नागरिकों के प्रति उनकी संवेदनशीलता, जवाबदेही और न्याय व्यवस्था में उनके विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सत्य सामने आए और किसी भी निर्दोष व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े, इसके लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *