जनपद पौड़ी की इडवालस्यू पट्टी स्थित कमंद गांव में गुलदार के हमले में जान गंवाने वाले मोहन चंद्र मलासी के परिवार से कांग्रेस नेत्री अरुणा कुमार ने मुलाकात कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए इस दुख की घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान दिवंगत मोहन चंद्र मलासी की पुत्री वंदना ने वन विभाग से परिवार को स्थायी सहायता दिए जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पिता की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारियां संभालने वाला कोई सक्षम सदस्य नहीं बचा है। ऐसे में उनके भाई महेश मलासी को वन विभाग में नौकरी दी जानी चाहिए, ताकि परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके और घर का भरण-पोषण हो सके। वंदना ने बताया कि वन विभाग की ओर से परिवार को छह लाख रुपये का मुआवजा चेक सौंप दिया गया है। इसके साथ ही विभाग ने अग्रिम आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया है। गांव में गुलदार के हमले के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।

