April 23, 2026
तीन माह से वेतन नहीं मिलने पर NHM आउटसोर्स कर्मचारियों में आक्रोश, प्रदेश कार्यकारिणी ने मिशन निदेशक से की मुलाकात

तीन माह से वेतन नहीं मिलने पर NHM आउटसोर्स कर्मचारियों में आक्रोश, प्रदेश कार्यकारिणी ने मिशन निदेशक से की मुलाकात

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संगठन, उत्तराखंड प्रदेश कार्यकारिणी ने आउटसोर्स कर्मचारियों को विगत तीन माह से वेतन न मिलने को लेकर गहरी नाराज़गी जताई है। इस संबंध में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मिशन निदेशक महोदय श्री मनुज गोयल जी से मुलाकात कर NHM कार्मिकों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में सर्वप्रथम आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन से जुड़ी गंभीर समस्या एवं समायोजन से संबंधित जटिलताओं पर मंथन किया गया। तीन माह से वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों को हो रही आर्थिक परेशानियों से मिशन निदेशक को अवगत कराया गया तथा आउटसोर्स कंपनियों की मनमानी पर रोक लगाने की मांग की गई। आउटसोर्स कर्मचारियों के समायोजन के मुद्दे पर प्रदेश कार्यकारिणी ने आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि एक ओर समायोजन की बात की जा रही है, वहीं दूसरी ओर उसी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की कार्यवाही अपनाई जा रही है, जो न्यायसंगत नहीं है। इस संदर्भ में माननीय न्यायालय के निर्णयों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया गया कि यदि शीघ्र कर्मचारियों के हित में सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन न्यायालय की शरण लेने को बाध्य होगा। बैठक में NHM कार्मिकों की सेवा शर्तों, पारदर्शिता एवं सेवा सुरक्षा को लेकर HR पॉलिसी पर भी विस्तार से चर्चा हुई। कर्मचारियों के हित में एक ठोस एवं व्यापक नीति को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। इसके अतिरिक्त यह मुद्दा भी उठाया गया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों के ट्रांसफर अब तक नहीं किए गए हैं, जबकि ट्रांसफर पॉलिसी के अनुसार यह प्रक्रिया जून-जुलाई माह में पूरी हो जानी चाहिए थी। मिशन निदेशक से शीघ्र ट्रांसफर प्रक्रिया संपन्न कराने का अनुरोध किया गया। बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी से उपस्थित रहे—
प्रदेश सलाहकार – डॉ. संजय चौहान
अध्यक्ष – राम संजीवन नौटियाल
उपाध्यक्ष – नितिन कहेड़ा
महिला उपाध्यक्ष – रेखा नेगी
महासचिव – डॉ. रविन्द्र वशिष्ठ
संगठन मंत्री (महिला) – सुषमा मल्होत्रा
प्रदेश प्रवक्ता – डॉ. पंकज जुयाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *