ग्राम असनोली में आज “सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नायब तहसीलदार ने बैठक की अध्यक्षता की। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान कु. हेमंती तथा ग्राम पंचायत विकास अधिकारी विपुल डंडरियाल भी मौजूद रहे। बैठक का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का स्थलीय समाधान एवं सरकार से जनता तक सीधा संवाद स्थापित करना रहा। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने गुलदार व अन्य जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक की गंभीर समस्या से प्रशासन को अवगत कराया। बताया गया कि गांव में बच्चों व महिलाओं के लिए बाहर निकलना खतरे से खाली नहीं है, इसलिए सुरक्षा के प्रभावी प्रबंध किए जाएं। इसके अलावा ग्रामीणों ने इन प्रमुख समस्याओं की ओर भी ध्यान आकर्षित कराया खेतों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ की व्यवस्था,बिजली के तारों की दयनीय स्थिति हर घर नल योजना का सुचारू क्रियान्वयन। गौशाला निर्माण व संचालन की समस्या,आवास के लाभ से वंचित परिवारों की सूची गांव के लोगों ने मुख्य मार्गों एवं सार्वजनिक स्थानों पर सोलर लाइट लगाने की मांग भी रखी, ताकि रात में आवागमन सुरक्षित हो सके और वन्यजीवों की गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जा सके। अधिकारियों ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र समाधान का भरोसा दिया तथा संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही के निर्देश देने की बात कही।

