पौड़ी: पौड़ी के कोठार गांव में संविधान दिवस बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ग्राम पंचायत विकास अधिकारी विपुल डंडरियाल ने किया। इस विशेष अवसर पर क्षेत्र के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और भारत के संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि ग्राम पंचायत विकास अधिकारी विपुल ने ग्रामीणों को संविधान की शपथ गढ़वाली भाषा में दिलवाई। स्थानीय भाषा में शपथ ग्रहण कराए जाने पर ग्रामीणों में विशेष उत्साह दिखाई दिया और सभी ने एक स्वर में संविधान के प्रति सम्मान और कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प भी लिया। डंडरियाल ने संविधान के इतिहास, उसकी मूल भावना और नागरिकों के मौलिक अधिकारों व कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संविधान सिर्फ एक पुस्तक नहीं, बल्कि भारत के प्रत्येक नागरिक को समान अवसर, न्याय और स्वतंत्रता प्रदान करने वाला जीवन मूल्य है।
उन्होंने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि संविधान की सच्ची भावना तभी साकार होगी, जब प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करेगा। कार्यक्रम में मौजूद ग्रामवासियों ने भी संविधान दिवस को हर वर्ष इसी उत्साह के साथ मनाने का संकल्प लिया।
Oplus_131072

