सर्दियों का मौसम शुरू होते ही सड़कों पर पाला जमने का खतरा बढ़ जाता है, जिसके चलते दुर्घटनाओं की आशंका भी अधिक रहती है। ऐसे में सड़क हादसों को रोकने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) पौड़ी सक्रिय हो गया है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता इंजीनियर सुरेश बाबू पाल ने बताया कि तापमान गिरते ही पाला पड़ना शुरू हो जाता है, जिससे सड़कें फिसलन भरी हो जाती हैं और वाहनों के अनियंत्रित होने का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में पौड़ी–सत्याखाल और पौड़ी–देवप्रयाग मोटर मार्ग पर चूने का छिड़काव किया जा रहा है। चूना सड़क की सतह पर नमी को सोखकर फिसलन कम करता है, जिससे वाहनों की पकड़ बेहतर बनी रहती है। इसके साथ ही विभाग की ओर से जगह-जगह साइन बोर्ड लगाए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से यात्रियों को सतर्क रहने और सावधानीपूर्वक आवाजाही करने की अपील की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की सड़क दुर्घटना से बचाव हो सके।

