राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत अफसर बिटिया कार्यक्रम का आयोजन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पैडुल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बाल विकास परियोजना अधिकारी पौड़ी आशा रावत द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यालय की प्रधानाचार्या, ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख एवं ग्राम प्रधान पैडुल को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया। रावत ने अपने संबोधन में कार्यक्रम के उद्देश्य एवं लक्ष्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला और बालिकाओं को शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम के तहत “मेरी उड़ान, मेरा सपना” थीम पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 30 बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। इनमें से 7 उत्कृष्ट प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर सुपरवाइजर कमला नेगी, सुपरवाइजर सुषमा रावत, विद्यालय की समस्त अध्यापिकाएं, आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियां एवं सहायिकाएं भी उपस्थित रहीं।

