बाल विकास परियोजना दुगड्डा द्वारा राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत रोटरी क्लब कोटद्वार में महिला एवं बाल पोषण मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक ऋतु खंडूरी भूषण तथा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी राज गौरव नौटियाल उपस्थित रहे।सर्वप्रथम मुख्य अतिथि एवं अति विशिष्ट अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके उपरांत बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर संतोषी गुसाईं ने पोषण माह के उद्देश्य एवं महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर राज गौरव नौटियाल ने समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों को उनकी विभागीय जिम्मेदारियों के साथ अन्य सामाजिक दायित्वों के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां महिला एवं बाल पोषण की नींव हैं। उनके सकारात्मक प्रयासों से ही नौनिहाल बच्चों, गर्भवती महिलाओं, किशोरी बालिकाओं तथा मातृ शक्ति को सही पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाना ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सराहनीय कार्य है. कार्यक्रम में 5 नवजात बच्चों को महालक्ष्मी किट, 10 बालिकाओं को किशोरी किट, तथा 3 अति कुपोषित बच्चों को पोषण किट वितरित की गईं। इसके साथ ही 7 महिलाओं की गोदभराई एवं 4 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी दुगड्डा शिवाली द्वारा किया गया.


