प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रविवार को कालेश्वर क्षेत्र के ग्राम घीड़ी में निर्मित स्व. मेजर गुणानंद डोभाल स्मृति पार्क का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने गढ़वाल राइफल्स की आर्मी फोर्स के जवानों के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में सिविल एवं सोयम वन प्रभाग पौड़ी की ओर से हरेला महोत्सव के तहत गणमान्य अतिथियों के हाथों वृक्षारोपण करवाया गया। इसके साथ ही एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत भी स्वास्थ्य मंत्री एवं गढ़वाल राइफल्स के अधिकारियों ने पौधारोपण किया। इस मौके पर वन विभाग, सिविल एवं सोयम वन प्रभाग पौड़ी से वन दरोगा अरविन्द रावत, वन दरोगा अनिल नेगी, वन बीट अधिकारी गीता देवी, वन बीट अधिकारी नरोतम प्रसाद एवं जगदीश गोदियाल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

