जनपद पौड़ी के मनरेगा कर्मी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आगामी 6 अक्तूबर को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। कर्मियों का कहना है कि वे पिछले 19 वर्षों से प्रदेश में अल्प मानदेय पर कार्य कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनके हितों की लगातार उपेक्षा कर रही है। मनरेगा कर्मचारी संगठन के जिलाध्यक्ष शिव शंकर गुसांई ने बताया कि प्रदेशभर में मनरेगा कर्मी ग्रामीण विकास की रीढ़ की हड्डी साबित हो रहे हैं। गांव-गांव तक विकास कार्यों को पहुंचाने में इनकी अहम भूमिका है, इसके बावजूद सरकार इन्हें न तो स्थायी कर रही है और न ही इन्हें उचित मानदेय मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि आज की महंगाई में अल्प मानदेय पर गुजर-बसर करना बेहद कठिन हो गया है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि संगठन की प्रमुख मांगों में कर्मियों का स्थायीकरण, मानदेय वृद्धि, सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं और सेवा नियमावली लागू करना शामिल है। यदि सरकार उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती है तो मजबूरन कर्मियों को आंदोलन की राह पकड़नी होगी। उन्होंने बताया कि यह आंदोलन कार्यक्रम पहले जून माह में प्रस्तावित था, लेकिन पंचायत चुनावों के कारण इसे स्थगित करना पड़ा। अब 6 अक्तूबर को प्रदेशभर से मनरेगा कर्मी देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे और अपनी आवाज सरकार तक मजबूती से पहुंचाएंगे।
–

