पौड़ी जनपद में पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार हो रही बारिश से जहां कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से कट गया है, वहीं कई स्थानों पर सड़कों और रास्तों के टूटने से यातायात पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। इस आपदा का असर जरूरी सुविधाओं की आपूर्ति पर भी पड़ा है। कई क्षेत्रों में बिजली, पानी और रसोई गैस जैसी बुनियादी सेवाएं बाधित हो गई हैं। इसी कड़ी में पौड़ी के कलुण क्षेत्र में भी भारी बारिश ने स्थिति को गंभीर बना दिया। यहां रास्तों और सड़कों के क्षतिग्रस्त होने के कारण रसोई गैस की आपूर्ति कई दिनों से बाधित थी, जिससे स्थानीय लोगों को खाना बनाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। ज़िला पूर्ति अधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को प्रशासन ने आपदा प्रभावित कलुण क्षेत्र में विशेष गैस वितरण अभियान चलाया। इस दौरान गढ़वाल गैस सर्विस पौड़ी की टीम ने मौके पर पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए। गैस सर्विस के मैनेजर राहुल कुमार और ठेकेदार अनूप नौटियाल ने बताया कि भारी बारिश के बाद से लोग काफी परेशान थे और गैस की कमी के चलते कई परिवारों को खाना बनाने में कठिनाई हो रही थी। उन्होंने कहा कि आज प्राथमिकता के आधार पर प्रभावित क्षेत्रों में गैस की आपूर्ति की गई है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि आने वाले समय में यदि किसी भी व्यक्ति को गैस की आवश्यकता होगी तो प्रशासन और गैस सर्विस टीम मिलकर समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में किसी को भी आवश्यक वस्तुओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए जिला प्रशासन और गढ़वाल गैस सर्विस का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि आपदा के समय इस तरह की त्वरित सहायता से काफी राहत मिली है।

