पौड़ी जनपद के डोभ श्रीकोट सीट से चुनाव लड़ने वाले विनोद दनोशी भले ही 236 वोट से चुनाव हार गए हों, लेकिन असली जीत उन्होंने इंसानियत की मैदान में दर्ज की। चुनावी अभियान के दौरान ग्राम पंचायत गिरगांव के राजस्व गांव बिंदुलिया में 18 वर्षीय रोहित बिष्ट मिला, जो 6 साल पुरानी, जंग लगी व्हीलचेयर पर बैठने को मजबूर था। वहीं पिसोली निवासी 16 वर्षीय शुभम कुमार के पास तो व्हीलचेयर तक नहीं थी। विनोद दनोशी ने उसी समय वादा किया चुनाव में जीतें या हारें, दोनों बच्चों के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था जरूर करेंगे। और आज, सामाजिक संगठन विचार एक सोच के सचिव राकेश बिजलवान के सहयोग से, विनोद दनोशी ने दोनों दिव्यांग बच्चों को नई व्हीलचेयर प्रदान की। दोनों बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान देखकर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। विनोद दनोशी ने कहा “खुशी बहुत छोटी-छोटी चीज़ों में छुपी होती है, बस उसे पहचानने वाला चाहिए।” उन्होंने आगे भी यथाशक्ति अपने वादे पूरे करने का संकल्प जताया।
इस नेक कार्य में सहयोगी प्रवीण असवाल, प्रभात पीके, जयपाल चौहान, नरेश भरतारी, भवानी, पिसोली की नवनिर्वाचित प्रधान, गिरगांव के अनिल नौटियाल, रोशन बिष्ट सहित कई लोग उपस्थित रहे।

