पौड़ी जिले के थलीसैंण ब्लॉक के मरोड़ा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां पूर्व सैनिक पिता को कीटनाशक पिलाने के बाद बेटे ने भी कीटनाशक गटक लिया। घटना में पिता की घर पर ही मौत हो गई, जबकि बेटे ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। पुलिस ने मौके से कीटनाशक की शीशी समेत अन्य सामग्री बरामद कर जांच शुरू कर दी है। थाना थलीसैंण प्रभारी निरीक्षक रवींद्र नेगी के अनुसार, मरोड़ा निवासी बिगारी सिंह (53) का अपने पिता बख्तावर सिंह (85) के साथ पैसों को लेकर अक्सर विवाद होता था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बुधवार रात कहासुनी के बाद बिगारी ने अपने पिता को कीटनाशक पिला दिया। इसके बाद वह घबरा गया और उसने भी कीटनाशक पी लिया। हालत बिगड़ने पर ग्रामीण बिगारी सिंह को थलीसैंण अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक डॉ. रवि सैनी के मुताबिक, बिगारी की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। वहीं, बख्तावर सिंह ने घर पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटनास्थल से कीटनाशक की शीशी सहित अन्य सामग्री कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक बिगारी सिंह के बेटे मोहन सिंह से भी पूछताछ की। मोहन ने बताया कि उसके पिता और दादा के बीच पैसों को लेकर कई बार कहासुनी होती थी। बताया गया कि बख्तावर सिंह सेना से सेवानिवृत्त थे। उनकी पत्नी का करीब एक वर्ष पहले निधन हो चुका था। वहीं, बिगारी सिंह घर पर खेती-बाड़ी और मजदूरी का काम करते थे। परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां हैं और सभी बच्चों की शादी हो चुकी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

