पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय पोखाल, टिहरी गढ़वाल में स्काउट्स एवं गाइड्स के लिए प्रथम सोपान कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, सहयोग की भावना, सेवा-भाव तथा जीवनोपयोगी कौशलों का विकास करना रहा। कैंप के दौरान स्काउट्स एवं गाइड्स को स्काउटिंग-गाइडिंग से संबंधित विभिन्न गतिविधियों एवं आवश्यक कौशलों का प्रशिक्षण दिया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और कैंप के माध्यम से व्यावहारिक ज्ञान एवं जीवनोपयोगी कौशल अर्जित किए। विद्यालय के प्राचार्य श्री मोहित कुमार सिंह ने कैंप का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों द्वारा की जा रही गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने स्काउट्स एवं गाइड्स का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा-भाव विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस अवसर पर श्री सतेंद्र कुमार सैनी, पीजीटी गणित ने भी कैंप में उपस्थित होकर स्काउट्स एवं गाइड्स का प्रोत्साहन किया तथा उन्हें निरंतर सीखने और समाज के प्रति जिम्मेदारी एवं सेवा-भाव विकसित करने के लिए प्रेरित किया। कैंप के सफल आयोजन में मुख्य प्रशिक्षक स्काउट मास्टर श्री उदित कुमार एवं गाइड कैप्टन श्रीमती प्रिया रानी, टीजीटी पंजाबी रहे। दोनों ने स्काउट्स एवं गाइड्स को विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण प्रदान किया तथा पूरे कैंप के दौरान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण किया। प्रथम सोपान कैंप के सफल आयोजन से विद्यार्थियों में उत्साह, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास हुआ। विद्यालय परिवार द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार की सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है।

