पौड़ी विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ओंणी गांव में कुछ दिन पूर्व गुलदार के हमले में घायल हुई महिला का हालचाल जानने के लिए बुधवार को कांग्रेस नेत्री अरुणा कुमार श्रीनगर अस्पताल पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने पीड़ित महिला से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों से बातचीत कर उपचार संबंधी जानकारी भी प्राप्त की। अरुणा कुमार ने पीड़ित महिला और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन स्तर पर महिला को पूरी मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने महिला के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा सहयोग परिवार के साथ रहेगा। गौरतलब है कि ओंणी गांव में गुलदार के हमले के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण लगातार वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़ने की मांग कर रहे हैं।

